अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

समावेशन और विविधता का Hay Day

गेम आर्टिस्ट और विज़ुअल ओनर Sari Latvala से गेम के पीछे की टीम के बारे में जानें।

शांत और सुकून भरे फ़ार्मिंग सिम्स लंबे समय से App Store पर पसंद किए जाते रहे हैं और इस शैली की बात हो तो Supercell का Hay Day सचमुच एक आइकॉनिक नाम है।

इसके आकर्षक किरदारों और जीवंत अपडेट्स ने 2012 के लॉन्च के बाद से इसे लगातार लोकप्रिय बनाए रखा है। लेकिन जो चीज़ इसे सच में अलग करती है, वह है इसकी डेवलपमेंट टीम – जो समावेशन और विविधता को सिर्फ़ मानती ही नहीं, बल्कि उसे जीती भी है।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हमने Hay Day की गेम आर्टिस्ट और विज़ुअल ओनर Sari Latvala से बातचीत की – जो शुरुआती दिनों से ही इस सफ़र का हिस्सा रही हैं – ताकि जान सकें कि गेम को लगातार आगे बढ़ाने वाली ताक़त क्या है और टीम को क्या प्रेरित करता है।

आपने 15 साल से भी पहले Supercell में मार्केटिंग आर्टिस्ट के तौर पर शुरुआत की और एक शानदार करियर बनाया। इस निरंतर सफलता का राज़ क्या है?

अगर एक बात चुननी हो तो वह है अपने काम में अर्थ तलाशना और लगातार सीखते रहना। मैं ख़ुद को भाग्यशाली मानती हूँ कि सिर्फ़ नौकरी करने से आगे बढ़कर मैं वह कर पाई हूँ जिसके लिए मेरे अंदर सच्चा जुनून है।

पेशेवर और व्यक्तिगत विकास, दोनों में निवेश करना भी बेहद अहम रहा है। मेरी लगातार बदलती दुनिया के साथ क़दम मिलाकर चलने की कोशिश ने और वर्षों में अलग-अलग भूमिकाएँ निभाने के अनुभव ने, मुझे गेम डेवलपमेंट के हर चरण और संदर्भ की गहरी समझ दी है। यही मेरे करियर की बड़ी ताक़त रही है।

गेम डेवलपमेंट की बुनियाद टीमवर्क है। जब आप अलग-अलग पृष्ठभूमि, दृष्टिकोण और मूल्यों वाले लोगों को एक साथ लाते हैं, तो कुछ असाधारण बन सकता है।
– Hay Day की गेम आर्टिस्ट और विज़ुअल ओनर, Sari Latvala

शुरुआत से टीम का हिस्सा होने के नाते, Hay Day की आपके दिल में एक बहुत ही ख़ास जगह ज़रूर होगी। आपको क्या लगता है, टीम को सबसे अलग क्या बनाता है?

मैं लॉन्च के एक साल के भीतर टीम में शामिल हुई और गेम का सहज अंदाज़ और उसकी गर्मजोशी भरी विज़ुअल स्टाइल ने मुझे तुरंत प्रभावित किया। टीम समय के साथ बड़ी हुई है, लेकिन उसके मूल मूल्य – जिज्ञासा, सहयोग और सम्मान की संस्कृति – वही रहे हैं। पहले दिन से जो अपनापन महसूस हुआ और भरोसे व स्थिरता पर बने माहौल में काम करने का अनुभव — वही मेरे लिए सबसे अहम है। यहाँ हर कोई अपने विचार रख सकता है और बदलाव का हिस्सा बन सकता है।

Hay Day की टीम काफ़ी विविध है। क्या आपको लगता है कि यह विविधता डिज़ाइन और डेवलपमेंट में आपको कोई ख़ास बढ़त देती है?

बिलकुल। जब अलग-अलग अनुभव और सोच वाले लोग आपके साथ हों, तो नज़रिया स्वाभाविक रूप से व्यापक हो जाता है। एक विविध टीम ज़्यादा खुले और सुरक्षित माहौल को बढ़ावा देती है जहाँ विचार सहजता से सामने आते हैं और रचनात्मक तरीक़े से चर्चा होती है।

रचनात्मक और विकास पक्ष पर भी इसका असर दिखता है – आप बेहतर समझ पाते हैं कि गेम किसके लिए बना रहे हैं और कैसा अनुभव देना चाहते हैं। यह छोटी-छोटी लेकिन मायने रखने वाली बारीकियों, किरदारों, हास्य और लहज़े में झलकता है। यही हमें ऐसा गेम बनाने में मदद करता है जिसे हर कोई आराम से खेल सके और उसका आनंद ले सके।

क्या ऐसे कोई उदाहरण हैं कि कैसे टीम के अनुभव और दृष्टिकोण सीधे गेम में दिखे हों?

हाल के कई उदाहरण Hay Day के मूल मूल्यों – एकजुटता की ख़ुशी और समुदाय की ताक़त – से जुड़े हैं। देखभाल और सहानुभूति जैसे मूल्य अक्सर टीम की कई महिलाओं के जीवन अनुभवों से प्रेरित होते हैं।

क्रिसमस 2025 के लिए मार्केटिंग टीम के साथ हमारी चैरिटी अभियान इसका एक अच्छा उदाहरण है। यह समझते हुए कि पालतू जानवर बहुत से लोगों के लिए परिवार के प्रिय सदस्य होते हैं, हमने एक इन-गेम इवेंट आयोजित किया जिसमें गेम में एक नया डॉग जोड़ा गया और साथ ही वास्तविक दुनिया के पशु आश्रयों के लिए धन भी जुटाया गया। प्लेयर्स ने इसे एक बेहद सार्थक अनुभव बताया – स्क्रीन से परे गेम को सकारात्मक बदलाव लाते हुए देखना उनके लिए ख़ास था।

विविधता और सहानुभूति जैसे मूल्य Hay Day के इन-गेम इवेंट्स में साफ़ दिखाई देते हैं।

Hay Day की एक बड़ी ताक़त यह है कि कोई भी इसे आसानी से शुरू कर सकता है और इसका आनंद ले सकता है। क्या आपके पास कोई व्यक्तिगत डिज़ाइन फ़िलॉसफ़ी या प्रक्रिया है, जिसका आप पालन करते हैं?

हम हमेशा इस विश्वास पर कायम रहे हैं कि Hay Day एक सुरक्षित जगह होनी चाहिए – एक ऐसी जगह जहाँ लोग रोज़मर्रा की ज़िंदगी से थोड़ा दूर जा सकें। इसे सच करने के लिए हम प्लेयर्स की बात ध्यान से सुनते हैं और डिज़ाइन, किरदारों, सजावटों – हर पहलू में गर्मजोशी और मानवीय स्पर्श शामिल करने की कोशिश करते हैं।

रचनात्मकता और आत्म-अभिव्यक्ति भी हमारे लिए बेहद अहम हैं, इसलिए हम हमेशा प्लेयर्स को अपने तरीक़े से गेम का आनंद लेने की आज़ादी देते हैं। गेम का सुरक्षित लेकिन चंचल माहौल एक सोच-समझकर लिया गया फ़ैसला है, ताकि हम ऐसी दुनिया बना सकें जहाँ लोग बार-बार लौटना चाहें।

प्लेयर्स को ख़ुद को व्यक्त करने की स्वतंत्रता देना और ऐसी दुनिया गढ़ना जिसमें आप जितना अधिक समय बिताएँ, उतनी ही बेहतर लगती जाए। मेरे लिए यही एक शानदार गेम अनुभव की असली पहचान है।

आपको अब तक मिला सबसे यादगार फ़ीडबैक कौन-सा रहा है?

एक खिलाड़ी ने हमें बताया कि वे इस बात से कितने प्रभावित थे कि गेम के पेड़-पौधे और जानवर बिल्कुल असली जैसे महसूस होते हैं। वह बात मेरे दिल को छू गई, क्योंकि प्रकृति संरक्षण मेरे लिए बहुत मायने रखता है। उसी फ़ीडबैक से प्रेरित होकर हमने गेम में लुप्तप्राय पक्षी प्रजातियाँ शामिल कीं, ताकि प्लेयर्स अलग-अलग वन्यजीवों के बारे में जान सकें और शायद इसी बहाने संरक्षण में भी रुचि विकसित करें।

अपना फ़ार्म चलाएँ और दुनिया भर के प्लेयर्स से जुड़ें।

पिछले साल एक ख़बर आई थी कि एक महिला ट्रैक टीम Hay Day खेलते हुए आपस में जुड़ी। आपके हिसाब से यह गेम इतने अलग-अलग तरह के प्लेयर्स से कैसे जुड़ पाता है?

मोबाइल गेम्स बहुत से लोगों को रोज़मर्रा के दबावों से थोड़ा विराम लेने में मदद करते हैं और Hay Day भी यही करता है। इसे कोई भी आसानी से शुरू कर सकता है और यह एक सुरक्षित जगह देता है जहाँ आप अपनी पसंद के अनुसार ख़ुद को व्यक्त कर सकते हैं। मुझे लगता है कि एक बड़ी वजह यह भी है कि प्लेयर्स अपने समुदाय बना सकते हैं और अपनी कहानियाँ ख़ुद लिख सकते हैं। इन सबके पीछे टीम के तीन मूल सिद्धांत हैं – फ़ार्म कहानियाँ हैं, प्लेयर्स रचनाकार हैं और समुदाय ही सबसे अहम है।

Hay Day की दुनिया विशिष्ट किरदारों से भरी है, जिनमें Maggie जैसी कई दमदार महिलाएँ शामिल हैं। जब आप ऐसे किरदार डिज़ाइन करते हैं जो रूढ़िवाद को चुनौती देते हैं, तो कौन-से मूल्य आपका मार्गदर्शन करते हैं?

टीम और मेरे लिए, किरदार सिर्फ़ विज़ुअल एलिमेंट्स भर नहीं हैं। वे अपने व्यक्तित्व वाले व्यक्ति होते हैं। रूढ़िवादिता को चुनौती देने की बात हो, तो हम ऐसे किरदार चुनते हैं जो मानवीय और प्रामाणिक लगें, न कि बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए गए हों।

हम इस बात का विशेष ध्यान रखते हैं कि किसी किरदार की भूमिका उसका लिंग या उम्र तय न करे। Hay Day की सुरक्षित और सुकूनभरी दुनिया में विविधता स्वाभाविक है। इसे अलग से बताने की ज़रूरत नहीं है। आगे आने वाले किरदार भी इसी सोच-समझकर तैयार की गई प्रक्रिया से गुज़रेंगे, लेकिन मेरा मानना है कि भविष्य में आप और भी गहराई और आयाम वाले किरदार देखेंगे।

आपको सबसे ज़्यादा कब महसूस होता है कि गेम्स इंडस्ट्री में महिलाओं की भूमिका बदली है? और क्या ऐसे क्षेत्र हैं जहाँ अभी भी सुधार की ज़रूरत है?

मेरा मानना है कि हमने काफ़ी सकारात्मक प्रगति देखी है। सबसे स्पष्ट बदलाव यह है कि महिलाओं की भूमिकाएँ काफ़ी विस्तृत हुई हैं। अब उन्हें विशेष गेम-संबंधी शिक्षा तक बराबर पहुँच मिलती है, जो पहले सीमित थी और ज़्यादा महिलाएँ डेवलपमेंट व लीडरशिप पदों तक आगे बढ़ रही हैं। विविधता को महत्व देने की दिशा में इंडस्ट्री का व्यापक बदलाव भी अहम रहा है और यह कोई अस्थायी रुझान नहीं, बल्कि बेहतर परिणामों के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता है।

फिर भी, पैटर्नल अवकाश का महिलाओं के करियर पर पड़ने वाला प्रभाव एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ अभी और संतुलन की ज़रूरत है। फिलहाल अवकाश लेने का बोझ असमान रूप से महिलाओं पर ही पड़ता है। मेरा मानना है कि हमें सिर्फ़ उद्योग ही नहीं, बल्कि पूरे समाज में एक सामूहिक प्रयास की ज़रूरत है, ताकि इस ज़िम्मेदारी को किसी एक पक्ष पर छोड़ने के बजाय, इसे अधिक समान रूप से साझा किया जा सके।

आपके लिए व्यक्तिगत रूप से और Hay Day के लिए भविष्य कैसा दिखता है?

सालों में अलग-अलग भूमिकाएँ निभाते हुए मैंने समझा है कि गेम्स इंडस्ट्री कितनी बहुआयामी है और इसमें कितनी तरह की विशेषज्ञता की ज़रूरत होती है। व्यक्तिगत रूप से, मैं सीखते रहना, सहयोग करते रहना और आनंद के साथ रचना करना चाहती हूँ। मेरे लिए यही निरंतर रचनात्मकता और दीर्घकालिक सफलता की नींव है।

व्यावसायिक रूप से Hay Day और भी बड़ा हो सकता है, लेकिन उससे भी अधिक मुझे इसकी वह क्षमता उत्साहित करती है जिसमें यह पीढ़ियों से परे जाकर और ज़्यादा लोगों के लिए मायने रखने वाला गेम बन सकता है। जैसा कि Supercell के सीईओ Ilkka Paananen कहते हैं : “सबसे अच्छी टीमें सबसे अच्छे गेम्स बनाती हैं।”