Yuan Yuan Kuo एक मॉडल, एक्टर और सोशल मीडिया स्टार के तौर पर सबसे ज़्यादा जानी जाती हैं – लेकिन उन्होंने अपने करियर में एक सफल इलस्ट्रेटर का एक और आयाम भी जोड़ा है। बचपन में ड्रॉइंग के अपने जुनून को फिर से जगाने के बाद, Kuo ने अपनी सिग्नेचर स्टाइल ढूँढने और अपने अब के मशहूर कैरेक्टर्स Three Mao and Little Monster को जीवंत करने के लिए Procreate का इस्तेमाल करना शुरू किया।
हमने Kuo से उनके इलस्ट्रेशन के प्रति प्यार को करियर की एक और बड़ी उपलब्धि में बदलने के बारे में बात की। साथ ही, हमने यह भी जाना कि कैसे Procreate उन्हें अपने विचारों को साकार करने में मदद करता है।
साथ ही, उन्होंने App Store के साथ एक एक्सक्लूसिव आर्टवर्क किया है, जो दुनिया भर की लड़कियों के लिए एक विज़ुअल लव लेटर है।
सपने साकार होते हैं
Kuo की हमेशा से यह कोशिश रही है कि वे अपने करियर में आगे बढ़ें और ऊँचाइयों को छुएँ। इसी दृढ़ संकल्प ने उन्हें अपनी मॉडलिंग एजेंसी से संपर्क करने को प्रेरित किया और आख़िरकार बड़े-बड़े बिलबोर्ड्स पर उनका चेहरा और नाम दिखाई दिया। वह कहती हैं, “ज़्यादातर लोग मौक़ों का इंतज़ार करते हैं। लेकिन पहला क़दम उठाना ही आपको दूसरों से अलग बनाता है। मैं ख़ुद को चुनौती देकर ही जान पाती हूँ कि मैं कितनी दूर तक जा सकती हूँ।”

जब उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर Three Mao and Little Monster के शुरुआती रूपों को शेयर करना शुरू किया, तो वह यह देखकर हैरान रह गईं कि लोग उनकी कला से कितना जुड़ गए हैं। Kuo को एहसास हुआ कि बचपन से ही ड्रॉइंग उनके लिए आत्मविश्वास का एक स्रोत रही है और इसे फिर से शुरू करने पर उनके अंदर एक सचित्र किताब प्रकाशित करने की महत्वाकांक्षा जगी।
Procreate, Kuo का पसंदीदा ड्रॉइंग टूल बन गया, जिसकी मदद से प्रोफ़ेशनल ड्रॉइंग सॉफ़्टवेयर का कोई पिछला अनुभव न होने के बावजूद वे काम करते-करते ही अपने हुनर को निखार पाईं। वे हँसते हुए कहती हैं, “शुरुआत में, मुझे नहीं पता था कि ‘लेयर्स’ क्या हैं। मुझे ख़ुद को याद दिलाना पड़ा कि बुनियादी बातें सीखने से बचा नहीं जा सकता।” इसी बुनियादी मेहनत का नतीजा था कि Kuo ने 2019 में अपनी पहली सचित्र किताब Hope You Like It बनाई।
हर स्ट्रोक अर्थपूर्ण है।
Procreate का इस्तेमाल तेज़ी से सीखने के लिए, Kuo ने हर ब्रश के साथ प्रयोग किया। मक़सद परफ़ेक्शन हासिल करना नहीं था, बल्कि कहानियों को एक आकर्षक तरीक़े से बताना था। वे कहती हैं, “मैं चाहती थी कि मेरा काम-काज सच्चा हो, परफ़ेक्ट नहीं। इसलिए You Are Not Alone [उनकी दूसरी प्रकाशित किताब] में, मैंने सभी लाइनों और रंगों के लिए ड्राई इंक ब्रश का इस्तेमाल किया।
मैं Three Mao के गालों के लाल रंग और Little Monster के शरीर के नीले रंग को पुराने बॉलपॉइंट पेन जैसा एहसास देना चाहती थी।”

महिलाओं और प्यार को समर्पित अपनी तीसरी किताब You Make the World Just Right में Kuo प्यार के विभिन्न पहलुओं को चित्रित करना चाहती थीं। वे कहती हैं, “जब आप प्यार में होते हैं, तो आपकी मानसिक उम्र बच्चों जैसी हो जाती है, इसलिए मैंने किंडरगार्टन के बच्चों की ड्रॉइंग्स जैसा बचकाना और मासूम एहसास पाने के लिए 6B पेंसिल और ऑयल पेस्टल्स को चुना।” Kuo को बैकग्राउंड रंगों का उपयोग करके किसी भी चित्र का पूरा मूड सेट करना पसंद है: “मैं बैकग्राउंड या रंग के बड़े हिस्सों के लिए freycinet ब्रश का उपयोग करूँगी और फिर एक प्यारे व आरामदायक एहसास के लिए थोड़ा गुलाबी रंग मिला दूँगी।”
अनजान रास्तों पर आगे बढ़ें
Procreate की स्मार्ट डिज़ाइन और इसकी ब्रश व रंगों की विशाल लाइब्रेरी, Kuo की रचनाओं के खरेपन और मौलिकता के लिए एकदम सही हैं। वे कहती हैं, “मैं Yuan Yuan Kuo ब्रांड बनाना चाहती हूँ और Procreate इस ब्रांड को गहराई देता है।”
अपनी सोच से कहीं ज़्यादा सशक्त बनना संभव है। अपनी कल्पना पर भरोसा करें, बहादुर बनें, पहला क़दम उठाएँ और अनजान रास्तों पर आगे बढ़ें।– Yuan Yuan Kuo

वे आगे कहती हैं, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एक इलस्ट्रेटर बनूँगी। मेरे आस-पास कई लोगों ने कहा कि मैं एक गायिका, ब्रॉडकास्टर या अभिनेत्री बन सकती हूँ, लेकिन जैसे-जैसे मैं बड़ी हुई, स्थिर हुई और परिपक्व हुई, मुझे अपनी ही दुनिया में खोकर लिखने और ड्रॉइंग करने में मज़ा आने लगा। तभी मैंने इलस्ट्रेशन के अपने करियर को आगे बढ़ाने का फ़ैसला किया। अगर मैं आसमान में ऊपर उठता हुआ एक गुब्बारा हूँ, तो Procreate मेरा एयर पंप है।”
App Store के लिए ख़ास तौर पर डिज़ाइन किए गए एक नए इलस्ट्रेशन में, Kuo सभी लड़कियों को अपनी कल्पना पर भरोसा करने, पहला साहसी क़दम उठाने और अनजान रास्तों पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहती हैं। “अपनी सोच से कहीं ज़्यादा सशक्त बनना संभव है। अपनी कल्पना पर भरोसा करें, बहादुर बनें, पहला क़दम उठाएँ और अनजान रास्तों पर आगे बढ़ें।”
