A Little to the Left: Stars में चीज़ों को व्यवस्थित करने के लिए आपको फेंग शुई विशेषज्ञ होने की ज़रूरत नहीं है। घर की चीज़ों, जैसे किताबें, कटलरी, एक अलमारी में रखा सामान आदि को कलात्मक ढंग से व्यवस्थित करें ताकि वे अपनी जगह पर ठीक से फ़िट हो जाएं। सीपियों आकर्षक ढंग से सजाएँ, एक पेगबोर्ड पर टूल्स को क्रम से लटकाएँ, और दीवार पर टंगी हर तस्वीर में दिख रहे क्षितिज को समतल करने के लिए उन्हें अलग-अलग कोणों पर झुकाएँ!
हमें यह क्यों पसंद है : इसमें कबाड़ से भरी दराज़ों और दवा की अलमारियों को व्यवस्थित करने पर एक बड़ा ही पुरसुकून अहसास मिलता है। चीज़ों को क़रीने से लगा हुआ देखना बेहद संतोषजनक है, काश असल ज़िंदगी में भी यह इतना ही मज़ेदार होता!
सुझाव : कुछ पहेलियों में आप वस्तुओं को छाँटने के अलग-अलग तरीके खोजकर अतिरिक्त स्टार्स कमा सकते हैं, जैसे कि पेंसिल्स को उनकी नोक के अनुसार या रंगों के स्पेक्ट्रम में उनके स्थान के अनुसार रखना, या किताबों को ऊँचाई या मोटाई के अनुसार, या उनकी स्पाइन पर मौजूद पैटर्न्स को जोड़ने वाले तरीक़े से व्यवस्थित करना। रचनात्मक बनें!
निर्माता से मिलें: कैनेड़ा के नोवा-स्कोशा में स्थित इंडी स्टूडियो की छोटी-सी टीम में Daniel Crane, Annie Macmillan and Lukas Steinman शामिल हैं। 2020 में कोविड महामारी के दौरान घर पर फंसे रहने और चीजों के अपने नियंत्रण में न होने की भावना से निपटने के क्रम में, उन्हें घरेलू वस्तुओं के ज़रिए व्यवस्था क़ायम करने के एक गेम का खयाल सूझा।
