हमारे मनपसंद गेम्स

Stair Quest

इस बेहद रोमांचक गेम में आप कितनी ऊँची चढ़ाई कर सकते हैं?

Stair Quest के निडर हीरो के रूप में, आपके दिमाग़ में बस दो ख़याल हैं : मॉन्स्टर्स को मार गिराना और आसमान छू लेना। एक विशाल, रहस्यमय सीढ़ी पर चढ़ना शुरू करें जहाँ सनकी दैत्य और ब्लॉक जैसे बॉस जीव आपको रोकने की पुरज़ोर कोशिश करेंगे। बहुत ऊपर जाना है, शुक्र है आपने पैरों की कसरत कर ली थी!

हमें यह क्यों पसंद है : ख़ूबसूरत दृश्यों और घमासान ऐक्शन का इसका मिक्स हमें पसंद आया। क्रिटिकल-हिट निंजा Shino से लेकर बलवान बिल्ली Purr तक, हर हीरो प्यारा और क़ाबिल है। आप किसी को भी चुनें, बेहतरीन पर्क्स हासिल करते हुए डबल जंप्स लगाकर ख़तरों को पार करने में मज़ा आ जाता है। ज़्यादा तेज़ गोलियाँ? क्यों नहीं!

चाहे आप दंगाबाज़ रोबॉट्स का सामना कर रहे हों या उड़ते मेका-मॉन्स्टर्स का, चढ़ना जारी रखें।

सुझाव : अपने हथियारों की कमी को पूरा करने वाले पर्क्स चुनें, जैसे शॉटगन के लिए अपग्रेडेड रेंज या तेज़ी से फ़ायर करने वाली, लेकिन अपेक्षाकृत कमज़ोर मशीन गन के लिए एक डैमेज बूस्ट।

निर्माता से मिलें : इंडी गेम स्टूडियो Nord Unit ने बेहद आकर्षक ब्लॉक-ब्रेकर Hyperforma भी बनाया है। Stair Quest को डेवलप करने में लगभग चार साल का समय लगा था और इसे बनाने के पीछे था एक सवाल जो इस गेम के इंजीनियर्स ने ख़ुद से पूछा था : “क्या होगा अगर सारी दुनिया एक विशाल सीढ़ी में तब्दील हो जाए, और हमारा लक्ष्य हो उसके सबसे ऊपरी छोर तक पहुँचना?”