आप बस खाने के लिए कुछ लज़ीज़ चाहते हैं, लेकिन जंगल में क़दम-क़दम पर ख़तरा है। बेचारा ख़रगोश! इस तेज़-रफ़्तार प्लेटफ़ॉर्मर में सिंगल-स्क्रीन लेवल पर, तोपों, तीरों और आरों का शिकार बनने से पहले ज़्यादा से ज़्यादा गाजर इकट्ठा करें। क्या आप एक हाइ स्कोर बना सकेंगे?
हमें यह क्यों पसंद है : यहाँ आप एक दोस्त के साथ मिलकर खेल सकते हैं, या अकेले ही टक्कर लेकर यहाँ राज कर सकते हैं। को-ऑप मोड में आप और आपके दोस्त की गाजरों को इकट्ठा गिना जाएगा, जबकि एकल मुक़ाबलों में आपको अपने प्रतिद्वंद्वी से ज़्यादा देर तक सर्वाइव करना होगा। दोनों ही मोड्स एक साझा डिवाइस पर खेले जाते हैं, तो आराम से बैठें और शुरू हो जाएँ!
सुझाव : जब आप एक प्लेटफ़ॉर्म पर खड़े हों, तब आपको तोप के गोले नहीं लगेंगे, वे आपके ऊपर से या नीचे से सुरक्षित निकल जाएँगे। तो अपने पैर जमा लें और अगले ख़तरे पर ध्यान दें।
निर्माता से मिलें : जब सोलो डेवलपर Jussi Simpanen ने गेम का एक शुरुआती संस्करण अपनी माँ को दिखाया, तो उनकी प्रतिक्रिया थी, “ओह, poor bunny!”, और इस गेम का नामकरण हो गया। फ़िनलैंड में रहने वाले Simpaneen को Total Party Kill और Heart Star जैसे होशियार प्लेटफ़ॉर्म के लिए जाना जाता है।
