हमारे मनपसंद गेम्स

Dungeons of Dreadrock 2

तहखाने में पहेलियों से भरी क़ब्रें डराएँगी भी, मज़ा भी देंगी!

Dungeons of Dreadrock 2 में आपका सबसे प्रभावशाली हथियार क्या है? आपका तेज़ दिमाग़! Order of the Flame की एक पुजारिन के रूप में खेलते हुए पहेलियों से भरे एक पिक्सल-आर्ट तहखाने में एक खोई कलाकृति खोजें। टेलीपोर्टर्स से पत्थर फेंककर दूर के स्विचेस चालू करें। पत्थर से बने पहरेदारों को पास बुलाकर तीरों के ट्रैप्स से बचें। लगी रहें, बस!

हमें यह क्यों पसंद है : पहेलियों को हल करने में दिमाग़ लगाना हमें पसंद आया। वह स्टीलस्किन पोशन आपको एक फ़ायरबॉल ट्रैप से बचा सकता है, क्या वह आपको गिरने पर मौत से भी बचा सकेगा? लीक से हटकर सोचें, फ़ायदे में रहेंगी।

वह लालटेन लिया गॉब्लिन कौन है? टेलीपोर्टर्स से आती ड्रैगन की आग से कैसे बचें? इसके रहस्य कभी ख़त्म ही नहीं होते!

सुझाव : ख़ून से होकर गुज़रने के बाद आपके पैरों के बनते निशान सिर्फ़ गेम की सजावट नहीं हैं। आगे चलकर आपका सामना मॉन्स्टर्स से होगा जो उन निशानों का पीछा कर रहे हैं। इन घिनौने प्राणियों को ठीक वहीं ले जाएँ जहाँ आपको उनकी ज़रूरत हो, जैसे एक प्रेशर प्लेट पर, जिस पर दबाव पड़ने पर एक दरवाज़ा खुलता है।

निर्माता से मिलें : Christoph Minnameier गेम डिज़ाइन के प्रोफ़ेसर थे जो 2025 में नौकरी छोड़कर फ़ुल-टाइम सोलो डेवलपर बन गए। दो बच्चों के एक व्यस्त पिता Minnameier ने Dungeons of Dreadrock सीरीज़ को क्लासिक डंजन-क्रॉलर गेम्स के एक ज़्यादा ऐक्सेसिबल और छोटे रूप में डेवलप किया है।