‣ कंपनी : Temple Gates Games
‣ मालिक और CEO : Theresa Duringer
‣ मिशन : बोर्ड गेम क्रिएटर्स के साथ काम करके उनके गेम्स को ऐप्स में बदलना
‣ ऐप लॉन्च होने का साल : 2024
‣ टीम का आकार : 4
‣ पसंदीदा इमोजी : 👍
Theresa Duringer के पास फ़ैमिली गेम नाइट्स का ढेर सारा अनुभव है, जिसकी वजह से उन्हें लगा था कि अपने ऑफ़िस के बोर्ड गेम क्लब में उन्हें बिलकुल घर जैसा माहौल मिलेगा।
लेकिन AAA गेम डेवलपर, जहाँ वे काम करती थीं, वहाँ के सहकर्मियों की नज़रों में “बोर्ड गेम” की परिभाषा बड़ी ही सामान्य थी। वे पेचीदा टेबलटॉप रणनीति वाले गेम्स पर फ़ोकस किया करते थे, जिसमें बनाने के लिए डेक्स और जीतने के लिए पॉइंट्स की भरमार होती थी।
वे हँसकर कहती हैं, “मैं वहाँ अपने स्क्रैबल बोर्ड के साथ आई थी, लेकिन अफ़सोस की बात है, किसी ने उस बोर्ड की तरफ़ आँख उठाकर भी नहीं देखा।”
Duringer को लंबी-चौड़ी रणनीति वाले गेम्स से प्यार हो गया, जिनसे प्रेरित होकर उन्होंने Temple Gates Games की स्थापना की। सैन फ़्रांसिस्को में स्थित इस इंडिपेंडेंट स्टूडियो की मुख्य विशेषता, Shards of Infinity, Race for the Galaxy और इनोवेशन से भरे डेक-बिल्डिंग गेम, यानी Dominion जैसे लोकप्रिय बोर्ड गेम्स के मोबाइल वर्शन्स बनाना है।
हमने टेबल पर छककर खेले जाने वाले इन बोर्ड गेम्स को पॉकेट के आकार की स्क्रीन्स पर लाने के रहस्य और Duringer के पसंदीदा गेम के निर्माता से हुई उनकी मुलाक़ात के बाद उनके करियर को मिली नई दिशा के बारे में उनसे बात की।

आपने अपने करियर की शुरुआत एक गेम टेस्टर के रूप में की थी और अपनी लगन के बल पर असिस्टेंट प्रोड्यूसर के मुक़ाम तक पहुँच गईं। ऐसी कौन-सी चीज़ है, जिससे आपको इतने बड़े स्टूडियो की नौकरी छोड़कर आपका अपना काम करने की प्रेरणा मिली?
मेरी मुलाक़ात Braid वीडियो गेम के निर्माता, Jonathan Blow से हुई। उन्हें देखकर मैंने सोचा, “वाह, आप अपनी ज़िंदगी में इतना कुछ कर सकते हैं? यह वाक़ई अविश्वसनीय है!” मैं एक दूसरे गेम डिज़ाइनर के साथ क्रिएटिव संबंध बना रही थी और आख़िरकार हमने अपने ख़ुद के गेम्स बनाने का इरादा किया, इसलिए हमने अपनी-अपनी नौकरी छोड़ दी।
वैसे तो डिजिटल बोर्ड गेम्स दूर-दराज़ में बैठे दोस्तों के साथ खेले जा सकते हैं, लेकिन इसके अलावा आपके विचार से ये और किस लिहाज़ से फ़ायदेमंद हैं?
ये सुलभता देते हैं। अगर आप एक डिजिटल परिवेश में हैं, तो एक प्लेयर गेम का टेक्स्ट साइज़ बढ़ाकर जम्बो साइज़ पर गेम खेल सकता है, जबकि अगर दूसरे प्लेयर को ऐसा करने की ज़रूरत महसूस नहीं होती, तो वह अपने टेक्स्ट का आकार वैसा ही रख सकता है, लेकिन फिर भी दोनों उसी गेम का साथ-साथ मज़ा ले सकते हैं।
आप एक पेचीदा बोर्ड और सैकड़ों टोकन्स व कार्ड्स को सिमटाकर किसी iPhone या iPad स्क्रीन पर कैसे ला पाती हैं?
इसके लिए हम UI के डायनमिक लेआउट्स बनाते हैं और बेशक इसे हर चीज़ के हिसाब से ऑप्टिमाइज़ करते हैं। इसके अलावा, हम गेम के ख़ास पलों के आधार पर इस पर भी विचार करते हैं कि किन हिस्सों को बढ़ाया या कम किया जा सकता है, जहाँ साथ ही साथ रणनीतिक फ़ैसले लेने के लिए ज़रूरी जानकारी आसान पहुँच में रहे।
किसी बोर्ड गेम को मोबाइल के हिसाब से ढालने के लिए आप किस चीज़ पर ग़ौर करती हैं?
हम इस पर विचार करते हैं कि क्या कोई गेम लंबे समय तक टिका रह सकता है, क्या उसे फिर से खेला जा सकता है? और क्या इसके घटक डिजिटल फ़ॉर्मेट में सार्थक लगेंगे? ऐसे कुछ ही गेम्स हैं, जो इस तरह की सोच की कसौटी पर खरे उतरने के बावजूद काफ़ी सहज लगते हैं। लेकिन इसके अलावा गेम के कॉन्टेंट और उसे बनाने वाली टीम के मूल्य भी बहुत मायने रखते हैं। CEO होने के नाते, मेरे पास अपने मूल्यों के अनुसार डील्स साइन करने का मौक़ा होता है।
आपकी मुलाक़ात Donald X. Vaccarino से भी हुई थी, जिन्होंने आपके पसंदीदा बोर्ड गेम्स में से एक, Dominion को डिज़ाइन किया था। इस मुलाक़ात को लेकर आपका अनुभव कैसा रहा?
मेरे पास तैयारी करने का समय नहीं था, मैंने उनसे ऐन मौक़े पर Dominion का ऐप वर्शन बनाने का आग्रह किया। उन्होंने शिष्टता से मेरी बात सुनी, लेकिन मेरे अनुरोध को लेकर ज़्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। पार्टी चलती रही और मैं अपने चिर-प्रतीक्षित मौक़े को ठीक से हैंडल न करने के लिए ख़ुद को कोसती रही। रात ख़त्म होने पर, मैंने बेचैन होकर फिर से कोशिश की। जवाब में मुझसे शंका से भरे सवाल पूछे गए। लेकिन अगली सुबह, मेरे इनबॉक्स में उनका मैसेज आया और देख लीजिए, अब हम इस मुक़ाम पर हैं!
Temple Gates Games, App Store Small Business Program का हिस्सा है। अगर आप एक डेवलपर हैं और इस प्रोग्राम के बारे में और जानना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए लिंक पर जाएँ।