हमारे मनपसंद गेम्स

Passpartout 2: The Lost Artist

इस ख़ुशनुमा अड्वेंचर में पेंट करें और पैसा कमाएँ।

यह कला है या व्यापार? Passpartout 2: The Lost Artist में यह कला भी है और व्यापार भी! एक ग़रीब कलाकार के रूप में खेलते हुए एक प्यारा, ख़ूबसूरत फ़्रेंच शहर एक्स्प्लोर करें, साथ ही स्थानीय लोगों के लिए कुछ काम भी करें, जैसे बंदरगाह पर आदमखोर मछली की चेतावनी पेंट करना। किसी प्रसिद्ध संग्रहालय में अपनी पेंटिंग लगी देखने का अपना सपना पूरा करने के लिए काम करें, साथ ही कुछ पैसा भी कमाएँ!

हमें यह क्यों पसंद है : निहायत उम्दा कलाकृतियाँ बनाना हमें बड़ा पसंद आया। पेंट्स, पेन्सिल्स और स्पंजेस का इस्तेमाल करके वर्चुअल कैनवासेस पर ख़ुद को व्यक्त करना वाक़ई मज़ेदार लगता है। चाहे आपने एक बढ़िया लैंडस्केप बनाया हो, या क्रेयॉन से कोई ऐब्स्ट्रैक्ट आर्ट, इस शहर में आपकी कला कोई न कोई ख़रीद ही लेगा।

थोड़ा रंग यहाँ, थोड़ा वहाँ, और लीजिए! आपने एक कूल टी-शर्ट डिज़ाइन कर दिया है।

सुझाव : अपनी उंगलियों का इस्तेमाल करते हुए पेंट करना बेहद मज़ेदार है, लेकिन iPad पर Apple Pencil से कलाकारी करना बिलकुल असल जैसा महसूस होता है। आप कोई भी डिवाइस इस्तेमाल कर रहे हों, पेंट करते समय उसे रोटेट करके कैनवास को पोर्ट्रेट और लैंडस्केप मोड के बीच स्विच करके ज़रूर देखें।

निर्माता से मिलें : स्वीडिश स्टूडियो Flamebait Games की स्थापना पाँच दोस्तों ने यूनिवर्सिटी से अपने ग्रैजुएशन के तुरंत बाद की थी और उनका पहला गेम था 2017 में आया मूल Passpartout. Bob Ross के “happy little accidents” सिद्धांत से प्रेरणा लेते हुए इन डेवलपर्स ने एक बार फिर इस गेम में इरेज़र टूल न जोड़ने का फ़ैसला लिया है।