हमारे मनपसंद गेम्स

Dadish 3D

मज़ेदार प्लेटफ़ॉर्म गेम का नया पहलू एक्स्प्लोर करें।

जब आपके बच्चे ख़ुद को लगातार ख़तरे में डालने के शौक़ीन हों, तो पिता बनना आसान नहीं होता! Dadish 3D में अपने मनमौजी बच्चों को बचाने के लिए आपको दाँतेदार ब्लेड्स को लांघना होगा, ढहते पुलों को तेज़ी से पार करना होगा और एक बड़े-से हैम्बर्गर की सवारी करनी होगी। यूँ तो यह इस लोकप्रिय 2D साइड-स्क्रोलिंग सीरीज़ का बिलकुल नया पहलू है, लेकिन इसका पुराना शरारती अंदाज़ अभी भी बरक़रार है!

हमें यह क्यों पसंद है : इसका सताने का शरारती अंदाज़ बड़ा लुभावना है। यूँ तो दर्जनों बाधाओं से बचते हुए आख़िरी लेवल तक पहुँचना किसी रिवॉर्ड से कम नहीं है, लेकिन अपने गुमशुदा बच्चे से होने वाली मज़ाक़िया बातचीत तो बस कमाल ही है, क्योंकि ये शरारती बच्चे अपने बुरे व्यवहार के लिए कभी टाइम ट्रैवल तो कभी केकड़ों की मनमानी तक हर चीज़ को दोष देते हैं। उफ, आजकल के बच्चे!

पीछा करने वाले दृश्य, जहाँ आप कैमरे की तरफ़ भागते हैं, वे Dadish 3D के नए नज़रिए का अहम हिस्सा हैं।

सुझाव : क्या आपको कोई ऐसी मुश्किल छलांग लगानी है, जो बिलकुल सटीक हो? कैमरे को झुकाकर ओवरहेड व्यू देखें और फिर अपनी सटीक लैंडिंग के लिए Dadish की परछाई का इस्तेमाल करें। इससे छोटे प्लेटफ़ॉर्म्स पर कूद-कूदकर जाना कहीं ज़्यादा आसान हो जाता है।

निर्माता से मिलें : Thomas Young न्यूज़ीलैंड के डेवलपर हैं, जिन्होंने अकेले ही Dadish सीरीज़, Super Fowlst गेम्स और Molecano को डेवलप किया है। Young का बेटा Roddy, जो Young के काम करने के दौरान उनकी गोद में बैठा रहता है, उसी ने Dadish 3D के कुछ डायलॉग्स को प्रेरित किया (और उसकी यह ज़िद भी थी कि गेम में कहीं पर एक मेग्लाडॉन भी होनी चाहिए)।