हमारे मनपसंद गेम्स

Tiny Connections

आपके पास बिजली है। इसे घरों तक पहुँचाना है, बस!

क्या आप Tiny Connections की शांतिपूर्ण पहेलियों में बिजली लगातार दे सकेंगे? विद्युत ग्रिड्स बनाएँ, घरों को पवन चक्कियों और पानी की टंकियों से जोड़ें और अपने शहर को पनपने में मदद करें। घरों की संख्या बढ़ने के साथ आपको अपनी रचनात्मकता दिखाते हुए उनमें से हर एक को उसी के रंग वाली यूटिलिटी से जोड़ना होगा। पाइप और केबल ख़त्म न होने पाएँ, वरना अँधेरा छा जाएगा!

हमें यह क्यों पसंद है : एक ख़ूबसूरत, कुशल नेटवर्क बनाना हमें बहुत अच्छा लगा। आपका लक्ष्य होगा शहर के हर घर को लगातार 30 दिनों तक बिजली और पानी की आपूर्ति करना। यह सिर्फ़ सुनने में ही आसान है! दूर-दराज़ के घरों को बिजली घर से जोड़ने के लिए दिमाग़ लगाकर एक सुरंग बनाकर, या किसी पाइपलाइन के बीच कोई घर खड़ा हो जाने पर उसका रास्ता बदलकर आप किसी सूपरस्टार इंजीनियर से कम महसूस नहीं करेंगे!

सारी दुनिया को आपकी कलाकारी की ज़रूरत है। पिरामिड्स के इर्द-गिर्द पाइपलाइन जो डालनी है!

सुझाव : सफ़ेद पवन चक्कियों और पानी की टंकियों को मैप पर कोई भी रंग दिया जा सकता है, लेकिन इसमें ज़ल्दबाज़ी न करें। अगर शहर में आपकी अकेली बैंगनी पानी की टंकी से बहुत दूर कोई बैंगनी घर बन जाए, तो वह अतिरिक्त यूटिलिटी स्टेशन ही आपका गेम बचा सकता है।

निर्माता से मिलें : स्वीडन की इंडी गेम कंपनी Short Circuit Studios को छोटी चीज़ें ही पसंद हैं। उन्होंने मर्ज पज़लर Teeny Tiny Town भी बनाया है। Tiny Connections की पवन चक्कियाँ स्वीडन के हरित ऊर्जा और पर्यावरण के प्रति प्रेम से प्रेरित हैं।