हमारे मनपसंद गेम्स

Lost in Play

दो नटखट, लेकिन होनहार बच्चों के साथ कल्पनालोक की यात्रा करें।

रचनात्मकता की ताक़त के साथ, Lost in Play में इस भाई-बहन के जोड़े का एक साधारण दिन एक अनोखे अड्वेंचर में बदल जाता है। अपने कल्पना-विश्व में खोए ये भाई-बहन एक ग़ुस्सैल गॉब्लिन के लिए रबर की बतख़ें जुटाते हैं, एक मुर्ग़े की मदद से जेल से भाग निकलते हैं और कबाड़ से बने ड्रैगन पर सवार होकर ऊँची उड़ान भरते हैं। क्या आप उन्हें वापस असल दुनिया में ला सकेंगे?

हमें यह क्यों पसंद है : इसके विज़ुअल्स बेहद शानदार हैं। इन बच्चों की ख़याली दुनिया का हर कोना ऐसा लगता है मानो टीवी का कोई क्लासिक कार्टून ज़िंदा हो उठा हो, चाहे वह कोई डरावना जंगल हो या किसी पहाड़ी पर बसा गाँव, जहाँ एक नकचढ़ी और पादने वाली भेड़ रहती है। आप इस ख़ूबसूरत विश्व के अटपटे कैरेक्टर्स और मज़ेदार मिनी गेम्स के प्यार में पड़े बिना नहीं रह सकेंगे।

चतुराई-भरी पहेलियाँ हर आकार-आकृति में आती हैं, जैसे एक अतिविशाल आदमख़ोर मछली और बैटरी पर चलती रबर की बतख़ों का एक पूरा का पूरा दल।

सुझाव : जब आप समंदर में हो, तब ऑक्टोपस को एक पाइरेट कठपुतली दिखाकर डराएँ और उससे जुगनू रखी बोतल छीन लें। फिर उस जुगनू की रोशनी में समुद्री प्राणियों की किताब पढ़ें और अपने भाई को विशालकाय मछली के पेट से बाहर निकालने का तरीक़ा जानें।

निर्माता से मिलें : Lost in Play तेल अवीव, इज़राइल स्थित इंडी स्टूडियो Happy Juice का पहला ही गेम है। उन्होंने इससे पहले पॉइंट-ऐंड-क्लिक अड्वेंचर The Office Quest पर कोलैबोरेट किया था।