Canva के ख़ूबसूरत, पूरी तरह से कस्टमाइज़ेबल टेम्प्लेट्स हम सबको एक पारंगत डिज़ाइनर बना देते हैं। और अपने AI-चलित Magic Studio टूल्स के साथ Canva और ज़्यादा कारगर हो गया है।

हमने कुछ फ़ीचर्स के साथ तरह-तरह के प्रयोग करके देखे। यह है उनकी जानकारी और उनका पूरा फ़ायदा उठाने के तरीक़े।


‘कुछ सूझ ही नहीं रहा’ वाली बात अब नहीं होगी

एक ऐसे टूल की कल्पना करें जो आपसे ज़्यादा कॉन्टेंट लिखवा लेता है, वह भी कम ग़लतियों के साथ और आपकी अपनी स्टाइल में। बस यही है Magic Write! एक ख़ाली डॉक्युमेंट खोलें, Canva Assistant पर टैप करें, फिर ड्रॉपडाउन मेन्यू से Magic Write चुनें और अपना टेक्स्ट प्रॉम्प्ट एंटर करें। सर्वोत्तम नतीजों के लिए, अपने निर्देश स्पष्ट और संक्षिप्त रखें, और बाद में अपने लिखे हुए को एक बार फिर जाँचना न भूलें!

मुश्किल पैराग्राफ़्स लिखना अब आसान है।

इसे पाएँ : कुल 50 इस्तेमाल मुफ़्त, या प्रीमियम सब्सक्रिप्शन पर 500 इस्तेमाल प्रतिमाह।


कल्पना से असलियत में

Magic Media के Text to Image फ़ीचर के बिना हम एक आदर्श तस्वीर की कल्पना भी नहीं कर सकते! यह चतुर और कलापूर्ण AI जनरेटर केवल कुछ शब्दों के आधार पर एक अनोखी तस्वीर बना देता है। Canva के Home टैब पर मेन्यू बार टैप करें और Apps चुनें, फिर Magic Media के लिए सर्च करें। किसी तस्वीर का वर्णन लिखें, एक स्टाइल और ऐस्पेक्ट रेश्यो चुनें, तब Magic Media वह तस्वीर बना देगा। हमने इसे दो चुनौतियाँ दी थीं, “A tabby cat driving a convertible” और “An alien shopping for groceries”, और इसने हमें बिलकुल भी निराश नहीं किया!

इसे पाएँ : कुल 50 इस्तेमाल मुफ़्त, या प्रीमियम सब्सक्रिप्शन पर असीमित।


अब आपके फ़ोटो कोई नहीं बिगाड़ सकता।

आपकी छुट्टियों के ख़ुशनुमा फ़ोटो में कोई अजनबी भी झाँक रहा है? तो Magic Eraser की मदद से उसे चलता करें। अपनी तस्वीर पर टैप करें, Toolbar में Effects चुनें और मेन्यू से Magic Eraser चुनें। फिर उस अनचाहे ऑब्जेक्ट पर ब्रश करके उसे निकाल दें। यह टूल मार्केटिंग कॉन्टेंट के लिए भी उपयोगी है। इससे आप किसी तस्वीर में हेडलाइन्स के लिए ज़्यादा जगह बना सकते हैं, या किसी आइटम के ख़त्म हो जाने पर उसे तस्वीर से हटा सकते हैं।

अवांछित आइटम्स हटा दें, तुरंत!

इसे पाएँ : प्रीमियम सब्सक्रिप्शन के साथ।


कुछ तड़क-भड़क जोड़ें

क्या किसी बेहतरीन फ़ोटो में आपकी आँखें धूप के कारण बंद-सी हो रही हैं? तो Magic Edit से कहें कि आपकी आँखों पर एक धूप का चश्मा चढ़ा दे। उसके लिए, ऊपर Magic Eraser के लिए दिए चरणों का ही पालन करें, बस इरेज़र की जगह Magic Edit चुनें। फिर जिस जगह बदलाव करना हो, वहाँ ब्रश करें, टेक्स्ट बॉक्स में आइटम का वर्णन लिखें और तस्वीर को बदलता देखें। लेकिन ध्यान रहे, वर्णन सटीक होना चाहिए, जैसे “small black reflective aviators”, नहीं तो आपको कोई पुराना-सा चश्मा भी मिल सकता है।

उस फूल की जगह कोई दूसरा चाहिए? डन!

इसे पाएँ : सभी यूज़र्स के लिए मुफ़्त।


मन में आ रहे विचार को तुरंत साकार करें

कुछ ख़ास, बिलकुल ‘हट के’ बनाना चाहते हैं? चाहे अपनी गहनों की दुकान में लगी सेल के लिए सोशल मीडिया पोस्ट हो, 80 के दशक की ड्रेस-अप पार्टी का इन्विटेशन हो, या किसी बड़े क्लाइंट के सामने प्रेज़ेंटेशन हो, उसे Magic Design के साथ चुटकियों में बना लें। Home टैब पर सर्च टूलबार में अपने डिज़ाइन का संक्षिप्त विवरण दें और Magic Design से उसके अनुरूप सुझाव पाएँ। साथ ही उससे मिलते-जुलते Canva टेम्प्लेट्स के नतीजे भी मिलेंगे।

इसे पाएँ : कुल 10 इस्तेमाल मुफ़्त, या प्रीमियम सब्सक्रिप्शन पर असीमित।


कई भाषाओं में डिज़ाइन करें

अगर आप अपने डिज़ाइन्स वैश्विक स्तर पर ले जाना चाहते हैं, तो ख़ूबसूरत Magic Switch टूल की मदद लें। यह AI-चलित फ़ीचर आपके डिज़ाइन में मौजूद टेक्स्ट का अनुवाद 130 से भी ज़्यादा भाषाओ में कर सकता है। शुरू करने के लिए तस्वीर चुनें, स्क्रीन पर सबसे ऊपर दिख रहे इलिप्सिस (तीन बिंदुओं) पर टैप करें, Magic Switch पर टैप करें और Translate चुनें, फिर मनचाही भाषा चुनें। अनुवाद सटीक होना सुनिश्चित करने के लिए अपने वाक्य छोटे और सरल रखें।

अपने डिज़ाइन के टेक्स्ट का अनुवाद करना इतना आसान कभी न था।

इसे पाएँ : कुल 10 इस्तेमाल मुफ़्त, या प्रीमियम सब्सक्रिप्शन पर असीमित।