गेम एसेन्शियल

Township

खेल-खेल में शहर बनाने और खेती-बाड़ी का मज़ा लेने के अपने बेजोड़ कॉम्बिनेशन के साथ, Township में फ़ुरसत के पलों की कोई कमी नहीं है। Gardenscapes और Homescapes जैसे मशहूर गेम्स को बनाने वाले डेवलपर Playrix की ओर से पेश किए गए इस गेम में सूझबूझ का इस्तेमाल करने के मौक़ों और कस्टमाइज़ किए जा सकने वाले विकल्पों की भरमार है।

उद्देश्यों को पूरा और लेवल्स को पार करने के लिए मददगार बूस्टर्स का इस्तेमाल करें।

कुछ प्यारे जीव-जंतुओं की देखभाल करने के अलावा, Township के प्रशंसकों को मेयर के तौर पर हुक्म देना और अपने सपनों का शहर बनाना अच्छा लगता है।

खिलाड़ियों को दोस्ताना मुक़ाबले का पुट भी पसंद आता है! आप को-ऑप (जो लेवल 19 पर अनलॉक होता है) में टीम बनाकर साप्ताहिक और सीज़नल Regatta रेस में हिस्सा ले सकते हैं। इसके तहत आपको अपने ग्रूप के साथ मिलकर टास्क पूरे करने होंगे, ताकि आपके को-ऑप का यॉट और आगे तक तैर सके। रास्ते में आपको पॉइंट मिलते जाएँगे, जिनका इस्तेमाल करके आप इनाम से भरे चेस्ट अनलॉक कर सकते हैं।

सिर्फ़ कुछ ही लोगों को मालूम है कि Township के डेवलपर्स का उनका अपना Regatta यूनियन है और वे कम्यूनिटी के साथ निष्पक्ष रूप से मुक़ाबला भी करते हैं, यही नहीं, उन्होंने टूर्नामेंट में 65,536वाँ स्थान भी हासिल किया था!

अपने फ़ार्म की इस आलीशान तब्दीली का लुत्फ़ उठाएँ।

अपने पहले इन-गेम फ़्रेंड Ernie की मदद से अब आप और भी आसानी से शुरुआत कर सकते हैं। शुरू-शुरू में आपको कुछ फ़सलें उगाने, अपनी गायों को खिलाने और प्रोडक्शन के लिए फ़ैक्ट्री तैयार करने पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इससे आपको अपने रिसोर्सेज़ का पहला सेट मिलेगा, जो सभी तरह के कामों को अंजाम देने के लिए ज़रूरी हैं। अगर आपको ठीक से मालूम नहीं है कि रिसोर्स कहाँ मिलेगा, तो मेन्यू पर मौजूद उचित आइकॉन को टैप करें और दबाकर रखें। ऐसा करने पर आप ऑटोमैटिक रूप से प्रोडक्शन की जगह पर पहुँच जाएँगे।

आपका छोटा-सा फ़ार्म, आपकी उम्मीद से पहले ही एक ख़ूबसूरत महानगर में तबदील हो जाएगा, जो वहाँ के बाशिंदों के लिए आलीशान इमारतों और हरे-भरे बगीचों से भरा होगा और यह सब कुछ आपका डिज़ाइन किया हुआ होगा। कुछ दोस्तों को शामिल करके देखें और प्रेरणा के लिए आप उनके शहरों पर एक नज़र डाल सकते हैं।

क्या आपको मालूम है?

Township आज 10 साल से भी ज़्यादा समय से App Store पर है, फिर भी इसके कुछ ऐसे रहस्य, सुझाव और तरकीबें हैं, जिनसे कम्यूनिटी के ज़्यादातर लोग वाक़िफ़ नहीं हैं। Playrix का कहना है कि गेम के आख़िर तक पहुँचने वाले खिलाड़ियों को एक ख़ास कार्टून दिखाया जाता है। क्या आप इसे पूरा कर सकेंगे?