Automatoys में मुस्कुराती सफ़ेद बॉल को मज़ा आ रहा है। इस बेहद ख़ूबसूरत इंडी गेम में बेहतरीन ढंग से बनाए गए डायोरामाज़ में पिंग होते, उछलते और यहाँ से वहाँ लुढ़कते हुए यह हँसती ही रहती है। रैम्प, जम्प, क्लॉ या फिर किसी घूमती भूलभुलैया को ऐक्टिवेट करने के लिए बस अपना अँगूठा स्क्रीन पर टैप या होल्ड करें और अपनी बहादुर पिंग-पाँग बॉल को आख़िर तक ले जाएँ।
हमें यह क्यों पसंद है : डायोरामा के डिज़ाइन बेहद सफ़ाई के साथ बनाए गए और आकर्षक हैं। इतने, कि यदि ये वीडियो गेम के लेवल न होते, तो निश्चित ही किसी डिज़ाइन एजेंसी की दीवार पर सजे होते। साउंडट्रैक भी जैज़ी, मद्धम बीट्स से बना है। कुछ ऐसा जो आप कूल लोगों से भरे बार में सुनते हैं।

सुझाव : अतिरिक्त लेवल्स ख़रीद लें। आपको तीन लेवल मुफ़्त मिलेंगे, जो एक अच्छी बात है, लेकिन Automatoys का आश्चर्यजनक, आनंददायक डिज़ाइन सशुल्क लेवल्स पर ही उभरकर दिखता है।
निर्माता से मिलें : Idle Friday लंदन स्थित एक स्वतंत्र स्टूडियो है जिसके संस्थापक हैं Steffan Glynn, जो पहले State of Play में डिज़ाइनर थे और जिन्होंने लोकप्रिय गेम्स Lumino City, Inks और KAMI 2 पर भी काम किया है।